घोसीपुर के जंगल में गोकशी, भाजपाइयों का हंगामा
खरखौदा। मंगलवार रात गांव घोसीपुर के जंगल में गोतस्कर गोवंश का वध कर मांस ले गए तथा उसके अवशेष, काटने के औजार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। बुधवार सुबह खेतों में पहुंचे किसानों ने आवारा कुत्तों को अवशेष नोचते देखकर पुलिस को सूचना दी। उधर, गोकशी की सूचना पर भाजपाई भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा किया। पुलिस ने बिना पशुपालन विभाग के नमूने लिए ही अवशेषों को दबवा दिया। वहीं, पुलिस मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कोई तहरीर न मिलने की बात कह रही है।
गांव घोसीपुर निवासी भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के महानगर मंत्री जीशान गाजी बुधवार सुबह अपने खेत पर पहुंचे। उन्हें सरसों के खेत में आवारा कुत्ते पशुओं के अवशेष नोचते मिले। मौके पर गोवंश के अवशेष सहित काटने के औजार कुल्हाड़ी व छुरा भी पड़े मिले। सूचना मिलने पर भाजपा युवा मोर्चा मेरठ महानगर के जिला महामंत्री विनोद जाहिदपुर सहित अक्षय भड़ाना, प्रशांत सूर्यवंशी, देव राणा सहित कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तथा घटना पर रोष व्यक्त किया। भाजपाइयों ने पुलिस को सूचना दी तथा सख्त कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
पुलिस ने मामला गोकशी का होने के बावजूद न तो पशुपालन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया और न ही इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की। वहीं गोवंश के अवशेष मिट्टी में दबवा दिए। पुलिस ने भाजपाइयों को कार्रवाई का भी आश्वासन दिया है। शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
खरखौदा थाना प्रभारी संजय शर्मा का कहना है कि इस मामले में कोई जानकारी नहीं और न ही कोई तहरीर मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।