विदेश भेजने के नाम पर मवाना में पांच लोगों से ढाई लाख की ठगी
मवाना। विदेश में नौकरी के लिए भेजने के नाम पर ढाई लाख रुपये लेने, नकली टिकट व वीजा देकर ठगी करने का आरोप लगाया है। मोहल्ला मुन्नालाल और हीरालाल के पांच लोगों ने थाने में दी तहरीर देते हुए आरोपी से पैसा वापस दिलाने की मांग की है।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी नौशाद, दिलशाद, मोहल्ला तिहाई निवासी सलीम, हीरालाल निवासी याकूब तथा चौधरीपुरा निवासी मौ. सखावत ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह ड्राइविंग का काम जानते हैं। मोहल्ला कल्याण सिंह अटौरा रोड निवासी आरोपी व्यक्ति उनके पास आया और बताया कि वह बेरोजगारों को काम के लिए विदेश भेजता है। प्रत्येक व्यक्ति को विदेश भेजने पर 70 हजार रुपये खर्चा बताया। 50 हजार अग्रिम देने तथा बाकी नौकरी लगने पर कंपनी में काट लेने की बात कही। पांचों ने ब्याज पर पैसा लेकर आरोपी की बहन को ढाई लाख रुपये 14 अक्तूबर को दे दिए। 28 नवंबर को आरोपी ने उन्हें टिकट व वीजा दे दिया। जब दिल्ली पहुंचकर चेक कराया तो टिकट व वीजा नकली निकला। काफी प्रयास के बाद भी न तो आरोपी और न ही उसकी बहन मिली। एक बार फोन पर बात हुई तो आरोपी ने गाली गलौज की। आरोपी धोखाधड़ी कर उनका पैसा हड़पना कर ले गया। पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।