कम हो रहा कोरोना का कहर, घट रही मृत्यु दर
- सूरजकुंड श्मशान में कोविड प्रोटोकॉल वाले सात शवों का हुआ संस्कार
- एक सप्ताह पहले तक 15 से अधिक आ रहे थे ऐसे शव
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कोरोना कर्फ्यू, जागरूकता और पुलिस प्रशासन की सख्ती के बीच संक्रमण का कहर कम होने लगा है। पहले कोविड मृतकों की संख्या जहां 80 तक पहुंच रही थी, वह एक सप्ताह से घटकर 10 के आसपास तक आ गई है। सूरजकुंड श्मशान घाट पर भी रविवार और सोमवार को कोविड प्रोटोकॉल वाले शवों की संख्या 10 से कम ही रही। रविवार को यहां ऐसे आठ शव आए जबकि सोमवार शाम चार बजे तक सात शव पहुंचे। इसी श्मशान में एक सप्ताह पहले तक ही कोविड वाले शवों की संख्या 15 से अधिक चल रही थी। सामान्य मृत्यु वाले शव भी कम आ रहे हैं। शहर के प्रमुख कब्रिस्तानों में भी रोजाना आने वाले जनाजों की संख्या कम हुई है। पहले जहां 15 से 20 जनाजे रोजाना आ रहे थे, वहां अब एक या दो जनाजे आ रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि कोरोना की यह लहर कम होगी और लोग जल्द ही सामान्य जीवन की ओर लौटेंगे।
संक्रमण काल में सामाजिक संगठन भी अपने स्तर पर काफी सहयोग और जागरूक कर रहे हैं। हालांकि वर्तमान हालात को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी और चिकित्सक लोगों से अपील कर रहे हैं कि स्थिति में सुधार के बावजूद कोविड नियमों के पालन में जरा भी ढ़िलाई न की जाए अन्यथा फिर से खतरा बढ़ सकता है। शहर में प्रतिदिन एक हजार के आसपास कोविड मरीज सामने आ रहे हैं। घरों में क्वारंटीन लोगों को ऑनलाइन चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं। दवा की किल्लत भी काफी हद तक दूर हुई है।
दवा व्यापारी मनोज अग्रवाल कहते हैं कि कोविड संबंधी दवाओं की उपलब्धता पहले से बढ़ी है। मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं में बीते सात दिन में सुधार आया है। समाजसेवी संगठनों से जुड़े आशुतोष वत्स, दुष्यंत और पवन ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं से लोग अब कुछ संतुष्ट हैं। प्राइवेट अस्पतालों में बेड की उपलब्धता बढ़ रही है। समाजसेवी और व्यापारिक संगठन से जुड़े विपुल सिंघल ने बताया 250 अस्पतालों में अब तीन से चार प्राइवेट अस्पतालों में ही शिकायतें आ रही हैं।
---
पहले से कम आ रहे जनाजे
- मुफ्ती अशरफ ने बताया ईद के बाद मृत्यु दर कम हुई है। बालेमियां कब्रिस्तान में सोमवार को शाम पांच बजे तक एक जनाजा पहुंचा। अब पहले से कम जनाजे आ रहे हैं। नगर निगम द्वारा कब्रिस्तान में 18 डंपर मिट्टी डलवई गई है, जो कब्र नीचे बैठ जाती हैं, उसमें मिट्टी का प्रयोग किया जाता है।
-------------------------
मृत्यु कोविड सामान्य
17 मई 07 12
16 मई 08 22
15 मई 10 17
14 मई 12 11
13 मई 18 20
12 मई 17 21
11 मई 19 11
------------------------