शहीद स्मारक से हटाया गया अतिक्रमण
- फोटो : amar ujala
सीएम आगमन की तैयारियों में जुटा प्रशासन, नगर निगम ने अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की तैयारियों में पूरा प्रशासन जुटा हुआ है। सीएम शहीद स्मारक पर पहुंचेंगे इसीलिए इस मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है। सोमवार को दिन निकलते ही नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी बुलडोजर लेकर शहीद स्मारक पहुंच गए। यहां पर जली कोठी चौराहे पर वीर अब्दुल हमीद पार्क, सड़क किनारे, पटरी और नालों पर किए गए अतिक्रमण पर निगम का बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई का स्थानीय कुछ व्यापारियों ने विरोध का भी प्रयास किया लेकिन भारी पुलिस फोर्स की तैनाती के चलते लोग विरोध नहीं कर पाए।
एक के बाद एक अतिक्रमण पर नगर निगम का बुलडोजर चलता रहा और सड़कों को साफ किया जाता रहा। इस दौरान नगर निगम ने हाथों-हाथ नालो की भी सफाई कराई। वीर अब्दुल हमीद पार्क के बराबर में संचालित कूड़ा घर को भी साफ किया गया। इसके साथ-साथ शहीद स्मारक से छतरी वाले पीर तक अतिक्रमण हटाया गया।
बता दें कि इस मार्ग पर प्रत्येक माह नगर निगम अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाता है। साथ ही लोगों को चेतावनी भी देता रहा है कि वे भविष्य में दोबारा से सड़क पर अतिक्रमण न करें लेकिन जनता मानने को तैयार नहीं है इसका परिणाम है कि नगर निगम को बार-बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाना पड़ रहा है। इस संबंध में कार्यवाहक नगर आयुक्त प्रमोद कुमार का कहना है कि सड़क पर सरकारी संपत्ति पर किसी भी व्यक्ति को अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आठ चौराहों पर आईटीएमएस अपडेट
शहर के इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से शहर के आठ चौराहे जुड़ गए हैं। इन चौराहों पर 30 मीटर दूरी तक फोकस करने वाले 91 कैमरे लगाए गए हैं। सभी चौराहे निगम दफ्तर स्थित कंट्रोल रूम से जोड़ दिए गए हैं। सीएम को दिखाने के लिए कमिश्नरी चौराहे पर स्क्रीन लगाया जाएगा। तेजगढ़ी चौराहा, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर चौराहा, गांधी आश्रम चौराहा, हापुड़ अड्डा चौराहा, बच्चा पार्क चौराहा, कमिश्नरी आवास चौराहा, जेलचुंगी चौराहा, कमिश्नरी चौराहा पर वाहनों को ट्रैफिक लाइटों के अनुसार ही दौड़ते देखा जा सकता है।
बर्न यूनिट, पीएम आवास सहित 13 कार्यों को हरी झंडी देंगे सीएम
सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कमिश्नरी में सात परियोजनाओं का शिलान्यास और छह का लोकार्पण करेंगे। प्रशासन ने सूची जारी कर कमिश्नरी सभागार में पत्थर लगाने के आदेश संबंधित विभागों को दिए हैं। इस लोकार्पण सूची में मेडिकल कॉलेज में बर्न यूनिट, लेक्चर थियेटर, प्रधानमंत्री आवास सहित 13 कार्यों को शामिल किया गया हैं।
मंडलीय समीक्षा में जिले में चल रही 31 योजनाओं की बुकलेट भी तैयार की गई है। इसमें प्राथमिकता पर 100 दिन में होने वाले कार्यों को मुख्यमंत्री को बताया जाएगा। वहीं, जिले में 50 लाख से ऊपर के चल रहे निर्माण की बुकलेट और पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी तैयार कर ली गई है।
इन कार्यों का होगा लोकार्पण
1. मेडिकल कॉलेज में बर्न यूनिट का निर्माण कार्य : 292.98 लाख
2. मेडिकल कॉलेज में लेक्चर थियेटर और केंद्रीय
पुस्तकालय का निर्माण : 1617.60 लाख
3. ग्राम शहजादपुर से नवीपुर कस्तला होते हुए
औरंगाबाद मार्ग : 202.87 लाख
4. अलीपुर आलमपुर पेयजल योजना : 163.72 लाख
5. शताब्दीनगर में 384 पीएम आवास : 1967.04 लाख
6. लोहियानगर में 128 पीएम आवास : 655.68 लाख
इन कार्यों का होगा शिलान्यास
1. कस्तूरबा गांधी विद्यालय मवाना में छात्रावास
निर्माण कार्य : 177 लाख
2. राजकीय इंटर कॉलेज, मेरठ : 155.67 लाख
3. राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, किठौर : 40.99 लाख
4. गुडंब से बातनौर मंदिर तक नव निर्माण : 66.26 लाख
5. फलावदा बुनिदयापुर मार्ग से मंदवाड़ी भट्ठा होते
हुए कैलावड़ा तक नव निर्माण : 125.69 लाख
6. बना से भगवानपुर मार्ग के नवनिर्माण का कार्य : 68.75 लाख
7. धन्तला से तलहेटा मार्ग पर छोईया नाले के लघु सेतु
के पहुंच मार्ग और अतिरिक्त पहुंच मार्ग कार्य : 226.72 लाख
विक्टोरिया पार्क में गौरवगाथा पर होंगी रंगारंग प्रस्तुतियां
सवा चार घंटे के कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ विक्टोरिया पार्क में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में सबसे ज्यादा 80 मिनट तक रहेंगे। शाम 7:20 बजे सीएम विक्टारिया पार्क पहुंचेंगे और क्रांति की गौरवगाथा पर केेंद्रितम विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम देखेंगे। रात 8:40 बजे कार द्वारा गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।
पटेल मंडप में होने वाले नौचंदी मेले के कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ भी इस बार मुख्यमंत्री विक्टोरिया पार्क से ही करेंगे। इसके लिए राजस्थान के सुप्रसिद्ध बैंड स्वराग से संपर्क किया गया है। शिवांगी महाविद्यालय के 75 कलाकार कार्यक्रम में क्रांति गाथा की भव्य प्रस्तुति देंगे। रविवार को विक्टोरिया पार्क में पूरे दिन कार्यक्रम की तैयारियां चलती रहीं। यहां दो मंच भी बनाए जाएंगे। विक्टोरिया पार्क का स्मारक 10 मई 1857 की घटनाओं से जुड़ा है। यहां तीसरी अश्व सेना के सवारों ने अपने 85 साथी कैदियों को छुड़ाकर भारत की आजादी की पहली लड़ाई का बिगुल बजाया था।