विदेश भेजने के नाम पर ठगी, रुपये मांगने पर पीटा
मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र निवासी युवक के खिलाफ चार लोगों ने लिसाड़ी गेट थाना पहुंचकर विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी के श्याम नगर स्थित कार्यालय पर छापा मारा, लेकिन वह फरार हो गया।
बृहस्पतिवार को मवाना निवासी दानिश, अब्दुल्लापुर निवासी मईनुद्दीन, शाहनजर और इस्लामाबाद निवासी दिलशाद ने थाने पहुंचकर आरोपी गुलजार के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ितों ने बताया कि गुलजार ने विदेश भेजने के नाम पर करीब 50 लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवकों ने आरोप लगाया कि जब गुलजार ने उन्हें विदेश नहीं भेजा तो वह अपने रुपये लेने के लिए गुलजार के कार्यालय पर पहुंचे।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पीड़ित युवकों के साथ मारपीट कर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी गुलजार के कार्यालय पर छापा मारा, लेकिन इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश के रही है।