चंडीगढ़ पुलिस ने भगत सिंह मार्केट से सराफ उठाया
मेरठ। चंडीगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को भगत सिंह मार्केट से एक ज्वैलर्स को चोरी का सोना-चांदी खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी ज्वैलर्स के कब्जे से सोने चांदी के जेवरात भी बरामद किए है। व्यापारी को हिरासत में लेने पर आसपास के व्यापारियों ने विरोध हंगामा कर दिया। हालांकि मुकदमे की पूरी जानकारी देने के बाद पुलिस ज्वैलर्स को लेकर चंडीगढ़ रवाना हो गई।
सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि चंड़ीगढ़ में एक चोरी का मुकदमा दर्ज है। जिसमें सोने-चांदी के जेवरात चोरी करके मेरठ में बेचे गए थे। इस मामले में तीन दिन पहले भी चंडीगढ़ पुलिस मेरठ में आई थी। लिसाड़ी गेट से पुलिस ने खुर्शीद को सोने-चांदी के जेवरातों के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि यह जेवरात खुर्शीद के अलावा भी भगत सिंह मार्केट में हमीद ज्वैलर्स के मालिक फैजान निवासी कोतवाली को भी बेचे गए थे।
चंड़ीगढ़ पुलिस शुक्रवार को मेरठ पहुंची और कोतवाली थाने में आमद दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी फैजान को भगत सिंह मार्केट से हिरासत में ले लिया। इस दौरान व्यापारियों ने चंडीगढ़ पुलिस का विरोध करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया। लेकिन जब पुलिस ने साक्ष्य दिखाए और मुकदमे से संबंधित बयान और कागजात दिखाए, जिन्हें देखकर व्यापारी शांत हुए और पुलिस आरोपी को लेकर रवाना हुुई।
कई सराफा व्यापारियों को बेचा गया सामान
मेरठ में चोरी का सोना खरीदने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि अभी और सराफा व्यापारी बाकी है। पुलिस की मानें तो कई सराफा व्यापारियों को सोना बेचा गया है।