कैंट बोर्ड ने बाजारों में फैले अतिक्रमण की रिकार्डिंग की रिपोर्ट लगभग तैयार कर ली है। अब कैंट बोर्ड छावनी क्षेत्र के बाजारों में अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भेजेगा।
कैंट बोर्ड सीईओ राजीव श्रीवास्तव के निर्देश पर सीईई अनुज सिंह के नेतृत्व में छावनी क्षेत्र के बाजारों में 31 जनवरी से ड्रोन कैमरा उड़ाकर रिकार्डिंग कराई गई थी। यह सर्च अभियान 10 फरवरी तक चला। अब कैंट बोर्ड ने रिकार्डिंग की सीडी तैयार कर रिपोर्ट तैयार कर ली है। कैंट बोर्ड अब बाजारों में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए नोटिस जारी करेगा।
सीईओ राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि व्यापारियों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने की बात कही थी। कैंट बोर्ड ड्रोन कैमरे के जरिये उन पर निगाह रखे हुए है। जो व्यापारी अतिक्रमण नहीं हटाएंगे उनके खिलाफ अब सख्ती की जाएगी। अतिक्रमण करने वालों को अब सीधे नोटिस जारी किए जाएंगे।