बताया गया कि तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट में राहुल मोटा, सोनू और दो अन्य युवक नीलकमल के साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान विवाद हुआ। इसके बाद नीलकमल की लाइसेंसी रिवाल्वर से ही उनके सिर के दाहिनी तरफ गोली लगने से मौत हो गई। सोनू ने फोन कर वंदना को गोली लगने की बात बताई। वंदना को बात मजाक लगी। जब थोड़ी देर में बेटी घर पर पहुंची तो खून से लथपथ शव देखकर उसकी चीख निकल गई। मां भी पीछे-पीछे आई, वह भी बेहोश होकर गिर गई। सात बजे देहली गेट पुलिस को सूचना दी तो एसपी सिटी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
वहीं, पुलिस ने राहुल मोटा, सोनू के परिजनों को हिरासत में ले लिया है। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजन जो हत्या का आरोप लगा रहे हैं, उसकी जांच की जा रही है।
परिजन बोले- नीलकमल की हुई हत्या
पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या मानकर चल रही है। नीलकमल की बेटी साक्षी पिता की हत्या करने का आरोप लगा रही है। बेटी का कहना है कि पिता का काफी समय से लाइसेंसी रिवाल्वर नवीनीकरण नहीं हुआ है, ऐसे में उनके पास गोली भी नहीं थी। इसलिए उनकी हत्या की गई है। पुलिस को हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।