नकुड़ (सहारनपुर)। बसपा जिलाध्यक्ष ने युवा नेता साहिल खान को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया।
बसपा जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद ने बुधवार को प्रेस बयान जारी कर बताया कि साहिल खान बार-बार चेतावनी के बावजूद पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं। इसके चलते हाईकमान के निर्देश पर साहिल खान को पार्टी से निष्कासित किया गया है।
बता दें कि साहिल खान ने 2022 विधानसभा चुनाव में सपा से टिकट ना मिलने पर बसपा ज्वाइन की थी। इसके बाद बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। अब निकाय चुनाव में साहिल खान ने अपने पिता खालिद खान के लिए नकुड़ नगर पालिकाध्यक्ष पद के लिए टिकट को आवेदन किया था, लेकिन पार्टी ने उनकी मांग को अस्वीकार कर नकुड़ से मोहम्मद इस्लाम जर्राह को अपना प्रत्याशी बनाया है।
इसके बाद साहिल खान ने पार्टी के कुछ नेताओं पर टिकट की एवज में मोटी रकम मांगने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी। साथ ही अपने पिता खालिद खान का निर्दलीय नामांकन पत्र दाखिल कराकर बसपा को चुनौती दी है। इसके चलते साहिल खान को बसपा से निष्कासित किया गया है।
उधर, साहिल खान का कहना है कि बसपा के टिकट पर उनकी दावेदारी पक्की थी, मगर पार्टी नेताओं ने साज कर अन्य को टिकट दिया है। इस कारण पिता खालिद खान का निर्दलीय के रूप में नामांकन पत्र जमा कराया है। वो बसपा नेताओं के कारनामों को जल्द जग जाहिर करेंगे। दूसरी ओर इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद रालोद-सपा गठबंधन का यहां कोई प्रत्याशी नहीं होने के कारण गठबंधन अब खालिद खान को समर्थन कर सकता है।