बिजनौर पुलिस ने एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद व उनकी पत्नी की हत्या के आरोपी मुनीर की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी शुरू कर दी है। 300 गज के उसके प्लॉट व मुरादाबाद में स्थित उसके परिवार की दुकान को कुर्क करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है।
मुनीर दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है। स्योहारा क्षेत्र के कस्बा सहसपुर के रहने वाले मुनीर का अपराध जगत में बड़ा नाम है। दिल्ली से लेकर बिजनौर तक उसने हत्या के साथ लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया। उसने तीन अप्रैल 2016 को सहसपुर के ही रहने वाले एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना की उस समय हत्या कर दी थी, जब वह कार से स्योहारा से सहसपुर लौट रहे थे। इस घटना में मुनीर के साथ रिहान, जौनी, तजीम अहमद व रिजवान भी शामिल थे। पुलिस ने मुनीर के साथियों को तो दबोच लिया था, लेकिन मुनीर पुलिस के हाथ नहीं आया था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में एसटीएफ ने उसे गाजियाबाद के एक मकान से गिरफ्तार किया था।
एएमयू में की थी छात्र की हत्या, धामपुर में लूटा था बैंक
कुख्यात मुनीर ने एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद व उनकी पत्नी फरजाना की हत्या के अलावा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्र आलमगीर की भी गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। दिल्ली के अलावा धामपुर के एक बैंक लूट में भी मुनीर का नाम आया था। मुनीर पर आठ हत्या समेत लूट व अन्य अपराधों के बिजनौर, अलीगढ़ व दिल्ली के कई थानों में 34 मुकदमे दर्ज हैं।