कई युवकों ने बुधवार रात शराब पीकर जमकर हुड़दंग मचाया। इस दौरान युवकों ने फायरिंग भी की। मौके पर पहुंची पुलिस हुड़दंग मचा रहे आठ युवकों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने आरोपी युवकों का शांति भंग करने में चालान किया है। मामला यूपी के बिजनौर जिले का है।
नूरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को राजा का ताजपुर निवासी एक युवक का जन्मदिन था। जन्मदिन की दावत के लिए उसने अपने काफी दोस्तों को बुला रखा था। देर शाम करीब कई युवक ब्लॉक तिराहे के पास एक होटल पर पहुंचे और वहां जमकर शराब पी। नशा होने पर युवक होटल पर हुड़दंग करने लगे। हालत ये हो गए कि कई युवक कपड़े उतारकर सड़क पर नाचते हुए शोर मचाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान होटल पर खाना खा रहे अन्य लोगों ने विरोध किया तो युवकों ने तमंचा निकालकर कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग होने से लोगों में हड़कंप मच गया। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से आठ युवकों को दबोच लिया, जबकि कई फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार पुलिस ने पकड़े गए युवकों से एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस सभी को थाने ले गई। इस दौरान युवकों को छुड़ाने के लिए कई नेता थाने में डेरा डाले रहे।
वहीं पुलिस ने गुरुवार को पकड़े गए युवकों का शांति भंग करने के आरोप में चालान किया है। प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार ने युवकों का चालान करने की पुष्टि करते हुए तमंचा बरामद होने से इंकार किया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/