चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से संबद्घ सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में बीए और बीकॉम की फीस में भी लूटमार की जा रही है। यूनिवर्सिटी ने जहां दोनों कोर्सों की इन कॉलेजों में साढ़े सात हजार रुपये फीस निर्धारित की हुई है, वहीं कॉलेजों में 12 से 15 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। ऐसी शिकायत आने के बाद प्रति कुलपति प्रो. एचएस सिंह ने इस तरह वसूली करने वाले कॉलेजों की शिकायत करने को कहा है। वहीं एडेड कॉलेजों में बीए बीकॉम की फीस बिना प्रैक्टिकल के 848 रुपये है। एक प्रैक्टिकल विषय के 150 रुपये और बढ़ जाते हैं।
चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से संबद्घ नौ जिलों में 66 एडेड कॉलेज और 150 के करीब सेल्फ फाइनेंस कॉलेज हैं। सेल्फ फाइनेंस कॉलेज में बीए, बीकॉम और बीएससी की 37 हजार सीटें हैं। सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में एक लाख के करीब सीटें हैं। एडेड कॉलेजों की करीब-करीब सभी सीटें भर चुकी हैं। अब सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में एडमिशन चल रहे हैं। यूनिवर्सिटी ने सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में बीए और बीकॉम की फीस 7500 रुपये निर्धारित की हुई है। प्रैक्टिकल विषय दो होने पर कुछ फीस ज्यादा ली जा सकती है। लेकिन यूनिवर्सिटी को शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ कॉलेज 12 हजार से 15 हजार रुपये तक फीस वसूल रहे हैं। छात्र-छात्राओं को फीस के बारे में सही जानकारी नहीं होने के कारण वे इसकी शिकायत भी नहीं कर पा रहे हैं। हापुड़ के एक कॉलेज की शिकायत पर प्रति कुलपति प्रो. एचएस सिंह ने कड़ा रुख अपना है। उन्होंने उन्होंने सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में कोर्सों की फीस वेबसाइट पर अपलोड कराने के आदेश दिए हैं। प्रति कुलपति ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर किसी कॉलेज के बारे में इस तरह की शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छात्र-छात्राएं करें शिकायत
अगर सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में निर्धारित फीस से ज्यादा ली जा रही है तो छात्र-छात्राएं उसकी शिकायत यूनिवर्सिटी में कुलपति और रजिस्ट्रार के यहां कर सकते हैं। इसके साथ ही क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से भी शिकायत की जा सकती है। निर्धारित फीस से ज्यादा नहीं ली जा सकती थी।
प्रोफेशनल कोर्स में लूट पर डल चुकी है पीआईएल
इससे पहले प्रोफेशनल कोर्सों बीबीए और बीसीए में फीस की लूटमार पर एक अभिभावक ने कोर्ट में पीआईएल डाल दी है। इसको लेकर यूनिवर्सिटी ने सभी कॉलेजों से जवाब मांगा था कि तीन कार्य दिवसों में सभी कॉलेज पिछले साल ली गई फीस की जानकारी दें। लेकिन यूनिवर्सिटी के इन आदेशों का अब तक कोई पालन नहीं हुआ। यूनिवर्सिटी ने इस बार बीबीए, बीसीए और दूसरे कई कोर्सों की फीस 37500 रुपये निर्धारित की थी। इससे ज्यादा फीस लेने वालों की शिकायत करने को कहा गया था।
सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में ये है निर्धारित फीस
बीए- 7500
बीकॉम - 7500
एमए - 9000
एमकॉम - 9000