किनौनी मिल की चीनी बिक्री पर लगाई रोक, पकड़ में आया चीनी की बिक्री से मिले 13 करोड़ के डायवर्जन का मामला
मेरठ। चीनी की बिक्री से मिले 13 करोड़ रुपये के डायवर्जन का मामला पकड़ में आने के बाद गन्ना विभाग ने किनौनी मिल की चीनी बिक्री पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने डायवर्ट की गई राशि किसानों के खातों में पहुंचाने के बाद ही रोक हटाने की बात कही है। इसके साथ ही विभाग ने पिछले पेराई सत्र का संपूर्ण बकाया भुगतान इसी माह करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद की किनौनी शुगर मिल पर किसानों का पिछले पेराई सत्र का 220 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गन्ना विभाग ने मिल प्रशासन को नोटिस जारी किया हुआ है। चार दिन पहले मिल ने चीनी बिक्री से मिली भुगतान राशि में से करीब 13 करोड़ रुपये किसानों के खातों में न भेजकर उसका डायवर्जन अन्य मदों में कर दिया।
डीसीओ डॉ. दुष्यंत कुुमार ने इस मामले को पकड़ते हुए मिल की चीनी बिक्री पर रोक लगा दी। डीसीओ ने कहा कि जब तक डायवर्ट की गई धनराशि किसानों के खातों में नहीं भेजी जाएगी तब तक चीनी बिक्री से रोक नहीं हटेगी। साथ ही मिल को 30 नवंबर तक संपूर्ण भुगतान करने को कहा है। डीसीओ ने बताया चीनी बिक्री से मिली धनराशि का 85 फीसदी हिस्सा किसानों के खातों में भेजा जाता है। जब तक 13 करोड़ की राशि वापस नहीं होगी तब तक चीनी बिक्री से रोक नहीं हटेगी।