बड़ौत ब्लॉक प्रमुख ने सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पुलिस प्रशासन पर तमाम आरोप लगाते हुए बच्चों सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांग नहीं मानी गई तो अपनी बेटी के साथ सीएम आवास पर आत्मदाह कर लूंगी। जिसका जिम्मेदार पुलिस प्रशासन बागपत होगा।
दरअसल बड़ौत ब्लॉक की प्रमुख अनीता तोमर पत्नी स्व. राजीव तोमर वाजिदपुर गांव की रहने वाली हैं। सोमवार को उन्होंने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी को पत्र लिखकर बागपत पुलिस-प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। सीएम को भेजे गए पत्र में उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 1994 में वाजिदपुर गांव निवासी राजीव तोमर से शादी हुई थी।
बताया कि राजीव के माता-पिता का बाल्यकाल में ही निधन हो गया था। जिस कारण राजीव का पालन-पोषण उनके चाचा स्वर्गीय वीरबल सिंह ने किया था। बताया कि खुशहाल परिवार के बीच पति राजीव तोमर अपने चाचा के साथ बरखा ट्रांसपोर्ट, बरखा फाइनेंस और तंरग फाईनेस कंपनी चला रहे थे।
बताया कि वर्ष 1999 में शादी के पांच साल बाद परिवारिक संपत्ति का बंटवारा हो गया था। जिसके बाद हमें पुराने मकान से 50 मीटर की दूरी पर पुराना मकान मिला था। जिसके बाद पति ने पुराने मकान का पुन निर्माण कर वर्ष 2000 में अच्छा मकान बना लिया था और उसी में हम रह रहे थे। लेकिन रंजिश के चलते 2 अगस्त 2008 में पति की हत्या हो गयी थी।