दोबारा ऑपरेशन करने के मामले में समझौते की कोशिश
दौराला। हाईवे स्थित एक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मलय शर्मा पर लापरवाही बरतने पर दर्ज कराए मुकदमे के मामले में पुलिस मंगलवार को दबिश नहीं दे सकी। मंगलवार को दिनभर पुलिस मवीमीरा गांव के युवक की हत्या के मामले में उलझी रही। चर्चा है कि मामले में समझौते की कोशिश की जा रही है।
मुजफ्फरनगर जिले के जानसठ स्थित राजपुर निवासी सतबीरी ने हाईवे स्थित आर्यव्रत अस्पताल में उपचार कराया था। 16 सितंबर 2020 को सतबीरी का ऑपरेशन हुआ था और पित्ताशय की नली साफ कर स्टेंट भी डाला गया था। सतबीरी के पोते विकल ने आरोप लगाते हुए दौराला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि 40 दिन बाद उसकी दादी की पित्ताशय की नली सही साफ न होने की बात कहते हुए दोबारा ऑपरेशन कर स्टेंट डाल दिया और दोबारा फीस ली। 40 दिन बाद जब वह दोबारा स्टेंट निकलवाने पहुंचा तो चिकित्सक डॉ. मलय शर्मा ने गलत रिपोर्ट के चलते दोबारा ऑपरेशन होने की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद उनकी दोबारा ली गई फीस लौटा दी। विकल का कहना है कि दादी सतबीरी को 40 दिन परेशानी झेलनी पड़ी। इस मामले में पुलिस ने दर्ज मुकदमे के आधार पर सोमवार को चिकित्सक की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी थी, लेकिन वह नहीं मिले।
मंगलवार को पुलिस चिकित्सक की गिरफ्तारी को लेकर दबिश नहीं दे सकी। मवीमीरा गांव निवासी युवक की हत्या के मामले में दिनभर पुलिस उलझी रही। वहीं, चर्चा यह भी रही कि चिकित्सक व शिकायतकर्ता में समझौते के प्रयास चल रहे हैं। थाना प्रभारी किरनपाल सिंह का कहना है कि हत्या के चलते वह दबिश नहीं दे सके। समझौते के प्रयास की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जल्द चिकित्सक की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जाएगी।