एएसपी शहर से बाहर, कुर्क नहीं हो सके गल्ला के दो मकान
मेरठ। कबाड़ी हाजी गल्ला के सोतीगंज के दो मकानों को कुर्क करने की कार्रवाई रविवार को नहीं हो सकी। एएसपी के बाहर जाने के चलते कार्रवाई टल गई। डीएम ने हाजी गल्ला के तीन मकानों को जब्त करने के आदेश दिए थे। पटेल नगर वाली कोठी शनिवार को जब्त कर ली गई थी।
हाजी गल्ला और उसके बेटों अलीम, बिलाल, इलाल और फुरकान को पुलिस ने कुछ दिन पहले गैंगेस्टर में वांछित किया था। पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। इस मामले की विवेचना लालकुर्ती पुलिस कर रही है। सदर बाजार पुलिस ने उसकी अवैध संपत्ति की जानकारी जुटाकर डीएम को रिपोर्ट भेजी थी। डीएम के. बालाजी ने अवैध तरीके से धन अर्जित करके बनाई गई संपत्ति को जब्त करने के आदेश जारी किए थे।
आदेश के तहत हाजी गल्ला की करीब दो करोड़ रुपये की पटेल नगर वाली कोठी शनिवार को कुर्क कर ली गई। एएसपी के शहर में न होने के कारण सोतीगंज और उत्तरी सोतीगंज का मकान रविवार को जब्त नहीं हो सका। इंस्पेक्टर सदर देव सिंह रावत ने बताया कि पुलिस दो दिन में यहां कार्रवाई करेगी।