मेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में वार्षिक प्रणाली के रेगुलर और प्राइवेट कोर्सों की मुख्य और बैक परीक्षाएं 15 मार्च से आयोजित की जाएंगी। विवि प्रशासन ने मंगलवार को विवि की वेबसाइट पर परीक्षा कार्यक्रम अपलोड कर दिया है। परीक्षाएं तीन पालियों में पांच मई तक चलेंगी।
प्राइवेट में बीए-बीकॉम और एमए-एमकॉम के प्राइवेट फार्म भरने की अंतिम तिथि 23 फरवरी है। विवि कई बार तिथि बढ़ा चुका है, अब आगे तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। इनकी परीक्षाएं 15 मार्च से होनी हैं। ऐसे में विवि प्रशासन ने जो छात्र-छात्राएं रह गए हैं उनसे अंतिम तिथि तक फार्म भरने के लिए कहा है। इनके अलावा रेगुलर में बीए-बीएससी-बीकॉम द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की परीक्षाएं भी 15 मार्च से होनी हैं। सभी परीक्षाओं का कार्यक्रम सीसीएसयू की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। विस्तृत उत्तरीय प्रश्न पत्र की अवधि तीन घंटे रहेगी जबकि बहुविकल्पीय प्रश्न पत्र की अवधि दो घंटे रहेंगी। परीक्षा तीन पालियों में सुबह सात से दस बजे तक, 11 बजे से दो बजे तक और शाम तीन बजे से छह बजे की पालियों में होंगी।
कई कोर्सों का रिजल्ट जारी
मेरठ। सीसीएसयू की कई परीक्षाओं का मंगलवार को रिजल्ट घोषित किया गया है। इनमें बीएससी फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की बैक और मुख्य परीक्षा एवं बीएएमएस चतुर्थ वर्ष का रिजल्ट शामिल है। इसके अलावा बीए तृतीय वर्ष रेगुलर एवं प्राइवेट की बैक पेपर परीक्षा में शामिल हुए छात्र-छात्राओं का रिजल्ट घोषित किया गया है। रिजल्ट सीसीएसयू की वेबसाइट पर बुधवार से देखा जा सकता है।
बीएड प्रवेश प्रक्रिया के लिए 10 मार्च तक करें आवेदन
मेरठ। बीएड संयुक्त प्रवेश के लिए आवेदन 10 फरवरी से किए जा रहे हैं। इस बार प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा कराया जा रहा है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 मार्च है, इसके बाद प्रक्रिया बंद हो जाएगी। ऐसे में बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राएं 10 मार्च तक आवेदन कर दें।