सोसायटी की नई कार्यकारिणी निर्वाचित, वार्षिक सभा में विकास योजनाओं पर हुआ मंथन
10 सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव, सचिव बने अभय मुखर्जी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बंगाली दुर्गाबाड़ी सोसायटी शहर की वार्षिक साधारण सभा एवं वर्ष 2026-27 की कार्यकारिणी समिति का निर्विरोध निर्वाचन रविवार को सोसायटी परिसर में संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर अमिताभ मुखर्जी चुने गए। इस दौरान पिछले वर्ष की गतिविधियों, आय-व्यय का विवरण और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने सोसायटी के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी दिए।
निर्वाचन अधिकारी पल्लवी शर्मा के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हुई। अध्यक्ष पद पर अमिताभ मुखर्जी, सचिव पद पर अभय मुखर्जी, पूजा सचिव पद पर सुब्रतो विश्वास और संयुक्त सचिव पद पर प्रियंक चटर्जी और सत्यजीत मुखर्जी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
कार्यकारिणी सदस्य के 10 पदों के लिए 12 उम्मीदवारों के बीच मतदान कराया गया। मतगणना के बाद अभिनव दत्ता, अजय मुखर्जी, प्रदीप मुखर्जी, अल्पना चक्रवर्ती, डॉ. सुब्रतो सेन, संतोष विश्वास, नोबेंदु राय चौधरी, चयानिका दास, जूही दत्ता और संजय बनर्जी विजयी घोषित किए गए।
नव निर्वाचित अध्यक्ष अमिताभ मुखर्जी ने कहा कि नई कार्यकारिणी सभी सदस्यों को साथ लेकर पारदर्शिता, सहयोग और सेवा की भावना से कार्य करेगी तथा सोसायटी की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। सचिव अभय मुखर्जी ने कहा कि नई टीम पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ सोसायटी की गतिविधियों का बेहतर संचालन करेगी। निर्वाचन अधिकारी पल्लवी शर्मा ने सदस्यों, प्रत्याशियों और स्वयंसेवकों का धन्यवाद देते हुए कहा कि निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।