मेरठ से दिल्ली के 82 किलोमीटर के रैपिड रेल कॉरिडोर का ढांचा तेजी से तैयार किया जा रहा है। स्टेशनों के डिजाइन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए नौ एलिवेटेड स्टेशनों का जिम्मा तमिलनाडु की यूआरसी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। इन स्टेशनों की आर्किटेक्ट डिजाइन के साथ अन्य सभी फिनिशिंग के कार्य भी कंपनी को करने होंगे। कंपनी को टेंडर अवार्ड कर दिया गया। स्टेशनों का ढांचा तैयार होने के बाद स्टेशन डिजाइन कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसमें मुरादनगर से लेकर मोदीपुरम तक के एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं।
रैपिड रेल के मेरठ हिस्से में तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है। मेरठ में मेट्रो के लिए परतापुर, मेरठ साउथ स्टेशन का कार्य तेज गति से चल रहा है। परतापुर स्टेशन पर एक तरफ स्टेशन के लिए पिलर कार्य पूरा कर लिया गया है। दूसरी तरफ पिलर कार्य चल रहा है। इस कार्य के खत्म करने के बाद डिजाइनिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, रैपिड रेल के स्टेशन कई खास तकनीक से सुसज्जित किए जाएंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए इनका डिजाइन भी किया जाना है।
ये हैं स्टेशन
मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, ब्रह्मपुरी, एमईएस कॉलोनी, डौरली, मेरठ नॉर्थ, मोदीपुरम
कुल राशि - 150 करोड़ 44 लाख, 92 हजार 196 रुपये
कंपनी - यूआरसी कंसट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, तमिलनाडु