इसी क्रम में मंगलवार सुबह परतापुर स्थित मेरठ साउथ रैपिड स्टेशन की पार्किंग को आरआरटीएस प्रशासन ने अस्थायी रूप से बंद कर दिया। रोजाना मेरठ से दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद की ओर सफर करने वाले कई यात्री जब बाइक और कार लेकर स्टेशन पहुंचे, तो उन्हें पार्किंग बंद मिलने पर परेशानी हुई।
कर्मचारियों द्वारा पार्किंग बंद किए जाने की जानकारी देने पर यात्रियों ने नाराजगी जताई और हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वे काम पर जाने की जल्दी में हैं और पार्किंग बंद होने से वाहन खड़ा करने में परेशानी हो रही है।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ और नाराजगी को देखते हुए परतापुर पुलिस और स्टेशन पर तैनात सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी को समझाया कि यह कदम सुरक्षा कारणों से उठाया गया है और स्थिति नियंत्रित की गई। आक्रोश और दबाव को देखते हुए कुछ देर बाद पार्किंग सुविधा को फिर से चालू कर दिया गया।