एसएसपी से मिलने पहुंचा होटल अल करीम का मालिक।
- फोटो : अमर उजाला
होटल अलकरीम के ध्वस्तीकरण के लिए फोर्स भी तैयार है। एसपी सिटी ओमप्रकाश का कहना है कि फोर्स की कमी नहीं है। एमडीए अधिकारी जब चाहें जितनी चाहें फोर्स ले जा सकते हैं। उधर, होटल मालिक नासिर शनिवार को एसएसपी के दरबार पहुंचे, लेकिन मुलाकात न हो सकी।
घंटाघर स्थित होटल अलकरीम को ध्वस्त करने के लिए मेरठ विकास प्राधिकरण ने कमर कस ली है। एमडीए के कार्यवाहक वीसी कुमार विनीत ने ध्वस्तीकरण की तिथि 21 मार्च तय की है। पुलिस बल के लिए एसपी सिटी को पत्र लिखा था। अब वहां से भी मंजूरी मिल गई है।
होटल अलकरीम की ऊपरी मंजिल का मानचित्र एमडीए से स्वीकृत नहीं है। एमडीए अधिकारियों के मुताबिक यहां नीचे की दुकानें तो निगम ने आवंटित कर रखी हैं, लेकिन ऊपर के भवन की कोई अनुमति नहीं है। एमडीए ने होटल मालिक को आगाह भी किया था, लेकिन उसने एक न सुनी। बिना नक्शे के ही बिल्डिंग खड़ी कर दी गई।
अब नहीं चलेेगा कोई बहाना
अक्सर देखा गया है कि एमडीए अधिकारी ध्वस्तीकरण की तारीख तो तय कर देते हैं लेकिन कार्रवाई नहीं करते हैं। उनके पास बहाना होता है कि हमें समय पर फोर्स नहीं मिली। लेकिन होटल अलकरीम के मामले में फोर्स भी तैयार है। अब विभाग के पास कोई बहाना नहीं है।
नगर निगम के साथ है विवाद
शनिवार को होटल मालिक नासिर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। लेकिन एसएसपी से मुलाकात न हो सकी। वे मवाना गए थे। कार्यालय में सीओ कोतवाली विनीत भटनागर शिकायत सुन रहे थे। दस्तावेज देखकर उन्हाेंने कहा कि यह कागजात पुराने हैं। इस बाबत आला अधिकारी ही कुछ निर्णय ले सकते हैं। होटल मालिक का दावा है कि इस प्रकरण में सिविल कोर्ट से स्टे है। विवाद नगर निगम के साथ चल रहा है।
---- वर्जन
हमारे पास पुलिस की कोई कमी नहीं है। एमडीए अधिकारी जब चाहें होटल अलकरीम के ध्वस्तीकरण के लिए फोर्स ले सकते हैं। कार्रवाई की तिथि वह स्वयं ही तय करेंगे। - ओमप्रकाश, एसपी सिटी