किठौर कस्बे में हापुड़ तिराहे के पास गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज के सामने आज एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। वे रैली को संबोधित करने से पहले पार्षद जुबैर अंसारी के ढबाई नगर स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से मिलकर सांत्वना दी।
हालांकि उन्होंने यहां मीडिया से कोई बात नहीं की। उन्होंने कहा 28 अगस्त को दिनदहाड़े जुबैर का कत्ल हुआ। अभी तक ठोक दो बाबा की पुलिस ने कातिलों को गिरफ्तार नहीं किया। कहा हम जुबैर के परिवार के साथ हैं, इंसाफ के लिए लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मिलकर हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया।
बता दें कि किठौर विधानसभा क्षेत्र में एआईएमआईएम की यह पहली जनसभा है। किठौर विधानसभा क्षेत्र राजनीति का गढ़ है। यह बसपा नेता मुनकाद अली व सपा नेता शाहिद मंजूर का पैतृक गांव है। दोनों नेताओं ने यही से राजनीति की शुरुआत की थी। दोनों की ही मुस्लिम समाज में अपनी-अपनी पकड़ है।
सूत्रों के अनुसार, मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने के लिए किठौर में ओवैसी की सभा का आयोजन किया गया। जिसका जिम्मा पार्टी के किठौर विधानसभा अध्यक्ष गांव रघौती निवासी असजद हयाती, मेरठ के फहीम एडवोकेट और हाजी नौशाद को सौंपा गया था। सभा को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारी आखिरी दिन तक भी क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों से पहुंचने की अपील करते रहे।
यह भी पढ़ें: कबाड़ियों पर शिकंजा: सोतीगंज में विरोध के बीच आदिल के घर कुर्की की कार्यवाही, भारी पुलिस बल रहा तैनात
रैली में बसपा-सपा के समर्थकों का पहुंचने का दावा
किठौर क्षेत्र में एआईएमआईएम का कोई बड़ा कद्दावर नेता नहीं है। इसके बावजूद किठौर में पार्टी की रैली करना तय किया गया है। किठौर और आसपास के गांवों में ज्यादातर बसपा नेता मुनकाद अली, सपा नेता शाहिद मंजूर और रालोद नेता मतलूब गौड़ के समर्थक हैं। लोगों का कहना है कि ओवैसी की सभा में क्षेत्र से बसपा, सपा और रालोद के समर्थकों के पहुंचने का दावा किया गया है।