मखदूमपुर के बाद खरखाली गंगा घाट पर लगने वाला मेला भी स्थगित
परीक्षितगढ़। खादर क्षेत्र के खरखाली गंगा गांधी घाट पर कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गंगा स्नान मेला स्थल का एसडीएम मवाना, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व बीडीओ ने निरीक्षण किया। गंगा में पानी अधिक होने, दलदल और भूमि कम होने के कारण मेले को स्थगित कर दिया गया है। श्रद्धालु अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान कर सकते हैं। इसके लिए व्यवस्था कराई जाएगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला गंगा स्नान का मेला हिंदू धर्म में आस्था का प्रतीक है। हिंदू धर्म के लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंड व दीपदान कर पूजा अर्चना करते हैं। बच्चों का मुंडन भी कराते हैं। गंगा स्नान मेले में श्रद्धालु दो दिन पहले पहुंचने शुरू हो जाते हैं। इसके दृष्टिगत रविवार को एसडीएम मवाना अमित गुप्ता, ब्लाक प्रमुख ब्रह्म सिंह गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य डॉ. विनेश कुमार, बीडीओ शैलेंद्र सिंह, एडीओ पंचायत बाबू राम नागर, खरखाली ग्राम प्रधान संजीव धामा ने गांधी गंगा घाट का निरीक्षण किया। मेले के आयोजन को लेकर सभी ने मंदिर में आपस में विचार विमर्श किया। मेले के लिए जगह कम होने, गंगा में पानी का जल स्तर अधिक होने, दलदल तथा मखदूमपुर मेला स्थगित होने से यहां श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए खरखाली गंगा घाट पर लगने वाला मेलर स्थगित कर दिया गया है।
ब्लाक प्रमुख ब्रह्म सिंह गुर्जर ने बताया कि श्रद्धालु अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पिंड व दीपदान कर सकते हैं। इसके लिए व्यवस्था की जाएगी। जिला पंचायत सदस्य डॉ. विनेश कुमार ने बताया कि बारिश व बाढ़ के कारण गंगा घाट पर जगह कम है। श्रद्धालुओं के अधिक संख्या में आने के अंदेशे के चलते मेला स्थगित किया गया है। घाट पर दुकानें व तंबू नहीं लगेंगे।