चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की आठ जुलाई से होने वाली वार्षिक और 15 जुलाई से होने वाली यूजी-पीजी सेमेस्टर परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड आज से डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा चार पालियों में होगी। पेपर की अवधि डेढ़ घंटे की होगी। एडमिट कार्ड सीसीएसयू की वेबसाइट से डाउनलोड होंगे।
सीसीएसयू में बीए-बीकॉम-बीएससी एवं अन्य कोर्सों की द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की परीक्षाएं आठ जुलाई से शुरू हो रही हैं। इसके अलावा एमए-एमकॉम रेगुलर-प्राइवेट की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं भी इसमें शामिल हैं। एमए-एमएससी-एमकॉम रेग्युलर आदि कोर्सों की अन्य सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 जुलाई से होनी हैं। सीसीएसयू कैंपस के सीबीसीएस कोर्सों की परीक्षाएं 12 जुलाई से होनी हैं। रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सभी परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड सोमवार से सीसीएसयू की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बीए-बीएससी-बीकॉम में द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्रों को ये विकल्प दिया गया है कि प्रत्येक विषय में सिर्फ एक प्रश्न पत्र कोड की परीक्षा देनी होगी। छात्र अपनी इच्छा से कक्ष निरीक्षक से कोई से भी कोड का पेपर ले सकते हैं। दूसरे कोड में उनको इसी पेपर के औसत अंक मिलेंगे।
कोविड-19 की गाइडलाइन का करना होगा पालन
विवि प्रशासन की तरफ से सभी कॉलेजों को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने के लिए कहा गया है। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सिटिंग प्लान बनाने को कहा गया है। प्रवेश के समय थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। बिना मास्क के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को संस्थान में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।