जाहिदपुर गांव में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
खरखौदा। क्षेत्र के गांव जाहिदपुर में दो वर्गों में मारपीट के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष धर्म बदलने या गांव छोड़ने की धमकी दे रहा है। शुक्रवार को पीड़ित ने मामले की तहरीर थाने पर दी।
गांव निवासी मिनती पत्नी मदन सिंह ने आरोप लगाया कि 22 नवंबर को दूसरे वर्ग के एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ घर में घुस आया और गाली-गलौज की। बीमार पति व बेटे ने पुलिस को सूचना देने के लिए फोन किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। बाद में पीड़िता ने बिजली बंबा पुलिस चौकी पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी उसके पति पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहे हैं। धर्म नहीं बदलने पर गांव छोड़ने की धमकी दे रहे हैं। शुक्रवार को पीड़िता ने थाने में मामले की तहरीर दी। थाना प्रभारी संजय शर्मा का कहना है कि ऐसा कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। तहरीर आने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।