पुलिस हिरासत से सुपुर्दगी में देने के बाद पपिंद्र हत्याकांड का आरोपी भागा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट न आने और कस्टडी में 24 घंटे होने के कारण शाम 5:22 बजे किया था पिता के सुपुर्द
गंगनहर में कूदने की भी आशंका, हिरासत में लिए गए तीन अन्य आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी सरधना पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर/संवाद
मेरठ/ सरधना। अटेरना गांव के पपिंद्र की हत्या के आरोप में शनिवार को पुलिस हिरासत में लिया गया अनिश रविवार शाम पिता जीवन के सुपुर्द किए जाने के बाद भाग गया। आशंका यह भी है कि वह सलावा गंगनहर में कूद गया। पुलिस देर रात तक आरोपी को सलावा गंगनहर व आसपास में तलाश रही थी। सरधना थाने से सुपुर्दगी दिए जाने के बाद अनिश के अपने पिता के साथ जाने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस तीन अन्य आरोपियों कल्लू, गोविंदा और मोनिज को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सरधना थाना क्षेत्र के अटेरना गांव निवासी पपिंद्र (40) पंजाब के लुधियाना में ईंट भट्ठे पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि पपिंद्र छह माह पहले वह गांव लौटा था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बुधवार रात वह घर से निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने बृहस्पतिवार को थाने पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी थी। शुक्रवार को पपिंद्र के घर से करीब 50 मीटर दूर कूड़े के ढेर के पास उसका शव पड़ा मिला। उसके भाई बिट्टू की तहरीर पर पुलिस ने अटेरना गांव निवासी कल्लू, उसके साथी अनिश, गोविंदा और मोनिज के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि अनिश को शनिवार को हिरासत में लिया था। रविवार को पपिंद्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई थी। साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई थी। इसके चलते अनिश को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया था। बाद में सूचना मिली कि अनिश भाग गया है। अनिश की तलाश में पुलिस टीम जुट गईं हैं। वह कहां से भागा है और कहां गया है। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
भाई की हत्या का बदला लेने के लिए दोस्तों संग की वारदात
पपिंद्र के भाई बिट्टू ने बताया था कि वह वर्ष 2016 में पंजाब में लुधियाना के खन्ना शहर के पास काम करता था। उसके साथ ही कल्लू का भाई बलराम उर्फ बलिया भी काम करता था। वहां जनवरी 2016 में बलराम की हत्या कर दी गई थी। किसी युवती से संबंध के शक में यह वारदात की गई थी और उसका प्राइवेट पार्ट भी काट दिया था। इस मामले में पुलिस ने अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की थी। इसके बावजूद कल्लू को शक था कि वारदात में बिट्टू का हाथ है। वह उससे इसका बदला लेना चाहता था लेकिन वह सतर्क रहता था।
बिट्टू ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश में आरोपियों ने उसके भाई पपिंद्र की सिर में डंडा मारकर हत्या की है। एसपी देहात ने भी जांच में इसी रंजिश में वारदात की जानकारी दी थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद उनके फोटो बिट्टू को दिखाकर पहचान करा ली थी।
साक्ष्य संकलन कर की जाएगी कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में हिरासत में लिए गए तीन अन्य आरोपियों को अभी जेल नहीं भेजा है। उन्हें परिजनों के सुपुर्द भी नहीं किया है। एसपी देहात से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने बताया कि अनिश को शनिवार को ही हिरासत में ले लिया गया था। जबकि तीन अन्य आरोपियों को रविवार को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अन्य साक्ष्य संकलन के बाद सोमवार को आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस चौकी से भागने की मिली सूचना
अनिश के भागने के बाद सबसे पहले सूचना मिली कि वह सलावा पुलिस चौकी से हिरासत से छूटकर भाग गया है। वह चौकी से कुछ दूरी पर बह रही सलावा गंगनहर में कूद गया है। एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ सरधना आशुतोष कुमार भी सलावा चौकी पर जांच पड़ताल करने पहुंचे थे। हालांकि बाद में पुलिस ने थाने का सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराया। इसमें जीवन अपने बेटे अनिश को सरधना थाने से सुपुर्दगी में लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके पिता से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने अधिक जानकारी नहीं दी बल्कि पुलिस की दी गई जानकारी की है पुष्टि की।
-