आरजी कालेज के सामने लूट करने घर में घुसे बदमाश को पीटा
मेरठ। आरजी डिग्री कालेज के सामने विजय नगर में स्टूडियो संचालक प्रशांत पाराशर के घर में लूट के इरादे से घुसे बदमाश को दबोच लिया। आरोपी शुभम की पिटाई करने के बाद सिविल लाइन पुलिस को सौंप दिया गया।
विजय नगर में प्रशांत पाराशर शादी समारोह में गए थे। पत्नी वैशाली वृंदा घर पर थीं। इस दौरान तीन बदमाश लूट के इरादे से घर में घुस आए। जब तक वैशाली कुछ समझती, तब तक घर के सामने पुष्पदीप बिल्डिंग में सिक्योरिटी इंचार्ज अंकित निवासी रजबन ने शोर मचा दिया। आसपास के लोग जुट गए और तीनों बदमाशों की घेराबंदी की।
दो आरोपी तो फरार हो गए। एक आरोपी शुभम निवासी डिग्गी मेडिकल को पकड़ लिया गया। उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। वैशाली वृंदा ने पुलिस को बताया कि उनके घर के सामने कुछ दिन पहले एसी की वायर भी चोरी हुई थी। यहां संदिग्ध लोग घूमते रहते हैं। क्षेत्र में नियमित गश्त होनी चाहिए।
--