मेरठ शहर के पाश इलाके आबूलेन पर कार और स्कूटी में मामूली साइड लगने पर युवतियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। जानकारी लगने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन तब तक गाड़ी में सवार होकर एक पक्ष वहां से फरार हो गया। पुलिस को दूसरे पक्ष ने गाड़ी का नंबर दिया है।
मोदीपुरम स्थित गणपति एंक्लेव निवासी हनी उर्फ रोशनी अपनी सहेली के साथ गुरुवार को आबूलेन से शॉपिंग करके वापस स्कूटी से जा रही थीं। दास मोटर्स के पास स्कूटी की कार से मामूली सी टक्कर हो गई। रोशनी का आरोप है कि गाड़ी चला रही युवती ने उसके पैर पर पहिया चढ़ाया था। जिस पर स्कूटी सवार युवतियों और कार में बैठी युवतियों के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि गाड़ी में बैठी दो युवती उतर कर नीचे आ गई। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और वहां मौजूद लोग उनकी वीडियो बनाने लगे।
आबूलेन पर करीब 5-6 मिनट तक यह ड्रामा चला। वहीं मामले की जानकारी लगते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले गाड़ी वाला पक्ष वहां से जा चुका था। लेकिन स्कूटी सवार युवतियों ने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया और पुलिस को दे दिया है। स्कूटी सवार युवतियों ने खुद से मारपीट होने का आरोप लगाते हुए सदर पुलिस से शिकायत की है।
यह भी पढ़ें: खास तस्वीरें: ...जब उद्घाटन से पहले वर्कआउट करने लगे पीएम मोदी, खूब वायरल हो रहा वीडियो
आरोपी पीड़िता ने हेलमेट, चश्मा और मोबाइल तोड़ने का आरोप भी लगाया है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। जिन लोगों ने वीडियो बनाई है। उनसे भी पुलिस ने वीडियो मांगी है। हालांकि बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में घटना कैद है। पुलिस इस फुटेज को लेकर ही निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें: विपक्ष पर खूब गरजे, निशाने पर रहे अखिलेश, पढ़िए ऐतिहासिक रैली का हर प्वाइंट