गांव ढिकौली के शिवभक्त विशाल कांवड के साथ मवाना पहुंचे। (मवाना)
मवाना। ढिकोली कॉलोनी स्थित श्री सिद्धपीठ पुराना शिव मंदिर कॉलोनी के निष्ठावान शिवभक्तों ने इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को अत्यंत दिव्य और ऐतिहासिक बना दिया। मंदिर समिति और गांव के श्रद्धालुओं के सहयोग से हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाने के साथ-साथ इस बार मंदिर परिसर के लिए विशेष रूप से 51 किलोग्राम वजन का एक भव्य और विशाल धातु का घंटा भी लाया गया है।
हरिद्वार से पैदल यात्रा करते हुए इस भारी-भरकम और पवित्र घंटे को लेकर मवाना पहुंचे। उनके लिए यह कांवड़ यात्रा कई मायनों में बेहद खास और प्रेरणादायक रही है। गांव के मुख्य कांवड़िये गुरु उरेंद्र चौहान और पंकज चौहान के नेतृत्व में यह धार्मिक अनुष्ठान लगातार 14 वर्षों से बिना किसी बाधा के निरंतर आयोजित किया जा रहा है। 14 सालों से लगातार हरिद्वार से जल लाकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने की यह अटूट परंपरा गांव में श्रद्धा, विश्वास और अटूट भक्ति का प्रतीक बन चुकी है।
51 किलो का घंटा कांवड़ यात्रा के साथ लेकर पहुंचे तो उनका पुष्पवर्षा कर और बम-बम भोले के जयकारों के साथ कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। शिवभक्तों के इस जत्थे में सोनू राणा, अनुराग शर्मा, सचिन, विकास, योगेंद्र, राजू और आकाश समेत अनेक स्थानीय युवाओं एवं वरिष्ठ श्रद्धालुओं ने कंधे से कंधा मिलाकर अपना पूर्ण सहयोग दिया।