सरधना। श्रावण मास की शिवरात्रि से एक दिन पहले सोमवार को रजबहा कांवड़ पटरी मार्ग पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों शिवभक्त पुरा महादेव मंदिर की ओर बढ़ते रहे। जैसे-जैसे शिवरात्रि नजदीक आती गई, कांवड़ियों की संख्या भी बढ़ती गई। बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से मार्ग गूंजता रहा। गर्मी और थकान की परवाह किए बिना शिवभक्त आस्था और उत्साह के साथ अपनी मंजिल की ओर बढ़ते नजर आए।
महाराणा प्रताप रजबहा कांवड़ पटरी मार्ग पर कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सेवा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। रार्धना, पाली, सलावा, कालंद, छुर और धनवाली समेत मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने भंडारे, पेयजल वितरण और विश्राम शिविर लगाए। कई स्थानों पर शिवभक्तों का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। स्वागत द्वार भी सजाए गए थे। कई स्थानों पर डीजे पर बज रहे शिव भजनों पर कांवड़िए नृत्य करते नजर आए। भक्ति गीतों और बोल बम के जयकारों ने माहौल को पूरी तरह शिवमय कर दिया।