मेरठ। दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस पांच दिन बाद भी हत्यारे को ढूंढ नहीं पाई है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस और रालोद नेताओं ने भी एसएसपी से मिलकर वारदात के जल्द खुलासे की मांग की है।
इंचौली थाना क्षेत्र के नयागांव में 21 नवंबर को चार वर्षीय अविका की दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। अविका के पिता रामकुमार ने अज्ञात में एफआईआर दर्ज कराई थी। घटना को पांच दिन हो गए हैं लेकिन अब तक पुलिस इसका खुलासा नहीं कर सकी है। सोमवार को इससे गुस्साए ग्रामीणों ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले का फर्जी खुलासा करने की कोशिश में लगी है। ग्रामीणों ने मांग की कि वारदात करने वाले को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
इस संबंध में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष जगदीश शर्मा और रालोद जिलाध्यक्ष यशवीर सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसएसपी से मुलाकात की। राजेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि जिले में अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाएं और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। एसएसपी के. सत्यनारायणा ने उनको निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान सुबोध, यशपाल, बलबीर सिंह, डालचंद, करम सिंह भी मौजूद रहे।