बिजली कटौती को लेकर हंगामा
हल्दौर। भाजपाइयों व नगरवासियों ने विद्युत कटौती से त्रस्त होकर हल्दौर बिजलीघर पर रात्रि में पहुंचकर हंगामा किया और मौके पर मौजूद एसएचओ को जमकर खरीखोटी सुनाई।
शुक्रवार की सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे तक विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर हल्दौर बिजलीघर क्षेत्र में बिजली की एचटी और एलटी लाइनों के समीप स्थित पेड़ों व उनकी शाखाओं का सुरक्षा की दृष्टि से कटाई व छटाई का कार्य किया गया। नगरवासियों के अनुसार शाम सात बजे के बाद भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति चालू नहीं की गई। रात्रि करीब साढ़े नौ बजे नगर पालिका चेयरमैन अमर सिंह उर्फ पम्मी की अगुवाई में हंसराज राजपूत, आशीष विश्वकर्मा, संजीव सुदर्शन, मनोज चौहान, कोमल चौहान, राजकुमार सिंह अनेक भाजपा कार्यकर्ता व नगरवासी एकत्र होकर हल्दौर बिजलीघर पहुंचे और विद्युत आपूर्ति चालू कराने की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बिजलीघर में ड्यूटी पर तैनात एसएचओ रोहित कुमार को जमकर खरीखोटी सुनाई। इसके बाद नगरवासियों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से समस्या के समाधान हेतु फोन पर वार्ता की नगरवासियों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से फोन पर संतुष्ट जवाब न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दे दी। इससे बिजली विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया और करीब तीन घंटे बाद विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई। बिजली चालू होने पर आक्रोशित नगरवासी शांत होकर चले गए।