मेरठ। गढ़ रोड पर हसनपुर कदीम गांव स्थित रिसोर्ट में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 89 शादियां कराई गईं। इसमें 61 हिंदू और 28 मुस्लिम जोड़ों ने एक-दूजे हाथ थामा। मुख्य अतिथि कैंट विधायक अमित अग्रवाल और डीएम डॉ. वीके सिंह रहे।
समारोह में रजपुरा विकासखंड के 28, खरखौदा के 12, माछरा के 31, मवाना के दो, नगर पंचायत किठौर के नौ, खरखौदा नगर पंचायत के एक और नगर पंचायत शाहजहांपुर के छह जोड़े शामिल हुए। समारोह का शुभारंभ सहकारी संघ के सभापति संजीव गोयल सिक्का, रजपुरा ब्लॉक प्रमुख कौशल चौहान, ब्लॉक प्रमुख खरखौदा प्रतिनिधि अतुल त्यागी ने दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक अमित अग्रवाल और डीएम ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया और वैवाहिक उपहार सामग्री का वितरण किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि योजना के तहत अब प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। इसमें कन्या के बैंक खाते में 60 हजार रुपये, 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन व्यय के रूप में प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रम 12 नवंबर को एमबी फार्म हाउस दौराला, 16 नवंबर को भावना फार्म हाउस परीक्षितगढ़ और 18 नवम्बर को अवतार फार्म हाउस कुराली (जानी) में प्रस्तावित हैं। डीएम डॉ. वीके सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की इस योजना के तहत लगातार सामूहिक विवाह के कार्यक्रम प्रशासन द्वारा आयोजित किए जाएंगे।