मेरठ। तेजगढ़ी चौराहे के पास सोमवार शाम को ट्रैफिक सिपाही पर बाइक सवार तीन युवकों ने हमला कर दिया। बचाव करने वाले दूसरे सिपाही के साथ भी मारपीट कर दी। पुलिस के साथ सरेआम मारपीट होती रही और भीड़ तमाशबीन बनी रही। बाद में टीएसआई और अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचे दो सगे भाईयाें को पकड़ लिया। जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। एक सिपाही का कान फट गया, जिससे गंभीर चोट लगी है।
ट्रैमो (ट्रैफिक मोबाइल) बाइक पर तैनात सिपाही जितेंद्र कुमार और सुनील राणा शाम के समय तेजगढ़ी चौराहे के पास ड्यूटी पर तैनात थे। पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर टीएसआई नदीम खान इंटरसेप्टर गाड़ी से वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच बाइक सवार तीन युवकों को जैसे ही ट्रैफिक पुलिस ने रोेकने की कोशिश की तो युवकों ने सिपाही पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। आरोपियों ने मेडिकल कॉलेज की तरफ बाइक दौड़ा दी। ट्रैमो बाइक पर तैनात सिपाही जितेंद्र और सुनील ने आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद बाइक सवार तीनों युवकों ने सिपाही जितेंद्र को गिराकर पीटना शुरू कर दिया। बचाने दौड़े सिपाही सुनील राणा के साथ भी मारपीट की गई। सिपाही का हेलमेट छीनकर आरोपियों ने ताबड़तोड़ वार कर दिए। एक आरोपी ने धारदार हथियार से सिपाही के कान के पास मार दिया। जिससे उसका कान फट गया। हंगामा होते देखकर टीएसआई मौके पर दौड़े और दो युवक दबोच लिए। जबकि तीसरा युवक फरार हो गया। पुलिस के साथ मारपीट की सूचना पर एसओ मेडिकल सतेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। घायल सिपाही जितेंद्र को आनंद अस्पताल में भेजा गया। बाद में एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई के निर्देश पर आरोपियों बाइक सीज करते हुए मेडिकल थाने भेज दी।
मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज
एसओ मेडिकल सतेंद्र सिंह ने बताया कि सिपाही जितेंद्र कुमार की तहरीर पर सनीफ और उसके भाई हनीफ पुत्र मुश्ताक अहमद निवासी पसवाड़ा थाना परीक्षितगढ़ के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य धारा में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरा आरोपी मोहसीन पुत्र शहाबुद्ीन निवासी डिग्गी थाना मेडिक ल की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
- बचाने आए दूसरे सिपाही को भी पीटा, एक सिपाही के कान के पास लगी गंभीर चोट
- ट्रैमो बाइक पर तैनात दोनों सिपाहियों को बाइक सवार युवकों ने साइड माकर गिराया
- पहले हेलमेट से वार किया उसके बाद निकाला धारदार हथियार