मेरठ। दिल्ली रोड पर आज से डायवर्जन प्लान लागू के बाद रैपिड रेल कॉरिडोर की टनल बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मेरठ में 5.8 किमी टनल का निर्माण कराया किया जाना है। इसकी शुरुआत ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे से बेगमपुल तक की जानी है। मेरठ में तीन भूमिगत स्टेशनों मेरठ सेंट्रल, भैसाली और बेगमपुल का निर्माण होना है। भैसाली स्टेशन के लिए सदर तहसील से लेकर भैसाली बस अड्डा कार्यशाला तक दिन-रात कार्य किया जा रहा है।
मेरठ सेंट्रल स्टेशन के लिए ट्रांसपोर्ट नगर के आगे से भूमिगत टनल का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। 15 दिनों में मशीनों का सेटअप लगा लिया जाएगा। इससे पहले मशीनों को लाकर ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे पर खड़ा किया जाएगा। इसके बाद एक-एक मशीन को फिट किया जाएगा। पहले डी-वॉल को बनाने का कार्य होगा। मशीन की मदद से सरिये का जाल बनाकर एक दीवार बनाई जाएगी। इसके बाद टनल बोरिंग मशीन से सुरंग बनाई जाएगी। इसके लिए चार मशीनों का आर्डर दिया गया है। इसमें दो मशीनें भैसाली स्टेशन से मेरठ सेंट्रल स्टेशन की तरफ चलाई जाएंगी। दो मशीनें बेगमपुल की तरफ चलाई जाएंगी।
डाउन रैंप आराध्या हाइट्स से बनना शुरू होगा
मेरठ में सुरंग की शुरुआत दिल्ली रोड पर आराध्या हाइट्स के सामने से की जाएगी। रुड़की रोड से जीरो माइल की तरफ से ऊपर निकलेगी। इसी को देखते हुए रैपिड रेल कॉरपोरेशन अब जल्द सभी बाधाओं को खत्म करते हुए कार्य की शुरुआत करना चाहता है। हाल ही में आए केंद्रीय शहरी एवं आवासन विकास सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने वर्ष 2023 में ही मेरठ में रैपिड रेल संचालन का दावा किया था।