सठला में दो गोदामों से 30 किलो विस्फोटक बरामद
मवाना। उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी ने शनिवार को थाना पुलिस के साथ गांव सठला में एक व्यक्ति के दो गोदामों पर छापा मारकर करीब 30 किलो विस्फोटक बरामद किया। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी।
दीवाली के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों का संग्रहण करने तथा बनाए जाने का कार्य मवाना नगर सहित आसपास के कई गांवों में बडे़ स्तर पर हो रहा है। शनिवार को उपजिलाधिकारी कमलेश गोयल, पुलिस क्षेत्राधिकारी उदय प्रताप सिंह, थाना प्रभारी विष्णु कौशिक ने पुलिस के साथ गांव सठला में एक ही व्यक्ति के दो गोदामों पर छापा मारा। जहां से पुलिस ने करीब 30 किलो विस्फोटक बरामद किया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस व्यक्ति के यहां से विस्फोटक बरामद हुआ है, उसने कुछ कागजात दिए हैं। जिनकी जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
आबादी के बीच पटाखों संग्रहण बन सकता है खतरा
नगर में बिना किसी सुरक्षा उपाय के आबादी के बीच में दीवाली के मद्देनजर अवैध रूप से अवैध पटाखों का संग्रहण कर लिया है। जो कभी भी आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा बन सकता है। लेकिन हर वर्ष की भांति इस बार भी पुलिस प्रशासन अवैध आतिशबाजी का काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय छापा मारने के नाम पर खानापूर्ति करता नजर आ रहा है। उपजिलाधिकारी कमलेश गोयल का कहना है कि नगर में भी शीघ्र ही छापा मारकर कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी के पास अवैध पटाखों का संग्रहण पाया जाता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।