डेंगू के 29 नए मरीज मिले, 949 हुई संख्या
मेरठ। डेंगू से जिला कराहने लगा है। अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की कतारें लगी हैं। बुधवार को 29 नए मरीज मिले। इनमें 15 देहात और 14 शहरी क्षेत्र के हैं।
ये मरीज कुंडा, जयभीमनगर, मलियाना, रजबन, साबुन गोदाम, संजयनगर, तारापुरी, जाहिदपुर, हस्तिनापुर, जानी, खरखौदा, माछरा, परीक्षितगढ़, रजपुरा और सरधना के रहने वाले हैं। मलेरिया विभाग की टीम ने इन स्थानों पर फॉगिंग, एंटी लार्वा स्प्रे कराया। जिले में मरीजों की कुल संख्या 949 हो गई है। इनमें से 698 ठीक हो चुके हैं। 251 सक्रिय केस हैं, जिनमें से 91 अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 160 घर पर इलाज करा रहे हैं। शहरी क्षेत्र में 498 और देहात क्षेत्र में 451 मरीज मिल चुके हैं। अब तक सबसे ज्यादा 95 मरीज मलियाना में मिले हैं। रोहटा में 81, मवाना में 74, कंकरखेड़ा में 48 और जयभीमनगर में 44 मरीज मिल चुके हैं।
मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान का कहना है कि डेंगू से बचने के लिए घर या आसपास पानी न भरा रहने दें। अगर पानी भरा रहता है तो एक सप्ताह में लार्वा पनप जाता है। बुखार हो तो जांच कराएं और चिकित्सकों की सलाह से ही दवा का सेवन करें।