मेरठ में रोजाना 25 हजार लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य
मेरठ। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने कोरोना टीकाकरण को तेज करने के लिए सोमवार को वर्चुअल बैठक कर मंडल के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेरठ में युवाओं सहित रोजाना 25 हजार लोगों को टीकाकरण का लक्ष्य रहेगा। इसके बाद इसे बढ़ाकर 50 हजार तक किया जाए। उन्होंने इस अभियान में ओलंपियन-पैरालंपिक खिलाड़ियों के साथ अन्य सेलिब्रेटी का सहयोग लेने को भी कहा।
समीक्षा में पाया गया कि मेरठ में 216 टीमें, गौतमबुद्धनगर में 120, बुलंदशहर में 116, हापुड़ में 50 और बागपत में 180 टीमों की ओर से टीकाकरण कराया गया, लेकिन यह उम्मीद से कम है। इसे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि जो खराब प्रदर्शन करने वाली टीमों के साथ बात करके फीडबैक लिया जाए। इसमें लापरवाही पर कार्रवाई होगी। जिलों में मोबाइल टीमों की संख्या बढ़ाने के लिए भी कहा गया।
इसके अलावा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार कराने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सचिव-लेखपाल, राशन डीलर के अतिरिक्त विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, सिविल डिफेंस, एनसीसी, रोटरी क्लब, पुलिस मित्र-एसपीओ का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। जिन ब्लॉक में प्रथम डोज की प्रगति 80 प्रतिशत या द्वितीय डोज की प्रगति 60 प्रतिशत से कम है, उनका मंडलायुक्त स्तर से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
--
गाजियाबाद-बागपत में चालान-जुर्माने की स्थिति पर हुए नाराज
- समीक्षा के दौरान कमिश्नर गाजियाबाद एवं बागपत में कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान और जुर्माने की कार्रवाई शून्य होने पर भी नाराज हुए। उन्होंने इसमें सुधार के लिए कहा। जनपद गौतमबुद्धनगर में कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग सबसे कम मिली। इसे बढ़ाने को कहा गया। कमिश्नर ने मंडल में 34801 एक्टिव केस के मामले में होम आईसोलेशन में रखे गए मरीजों की लगातार निगरानी के भी निर्देश दिए।