शॉप्रिक्स मॉल हादसा : आमिर के शरीर में मिले 22 फ्रैक्चर
मेरठ। शॉप्रिक्स मॉल में शुक्रवार को सेल्फी लेते समय तीसरी मंजिल से गिरे दिल्ली निवासी आमिर के शरीर में 22 फ्रैक्चर मिले हैं। घटना के बाद उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। वहीं, इस मामले में जांच के लिए शनिवार को ब्रह्मपुरी पुलिस मॉल पहुंची। यहां डेंजर जोन एरिया में पुलिस ने सुरक्षा संबंधी कई खामियां भी बताईं।
तीसरी मंजिल से भूतल पर आने-जाने वाले एस्कलेटर मशीन के बराबर में नेट का जाल लगाने की सलाह दी गई। दूसरे दिन भी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस को नहीं मिली है। आमिर अपने रिश्तेदार के घर श्यामनगर लिसाड़ीगेट में रहता था। शुक्रवार को आमिर दोस्त फैसल के साथ शॉप्रिक्स मॉल में घूमने के लिए गया था। तीसरी मंजिल से भूतल पर आने के लिये वह एस्केलेटर से नीचे उतर रहे थे।
आमिर नशे में था और वह एस्केलेटर के बराबर में लगे पट्टे पर चढ़कर सेल्फी लेने लगा था। तभी उसका पैर फिसल गया। तीसरी मंजिल से गिरने पर उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी की और मॉल के कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए हैं।
विवेचक शॉप्रिक्स मॉल चौकी इंचार्ज लोकेश तोमर ने बताया कि एस्कलेटर के बराबर में नेट का जाल लगाने की सलाह दी है। शॉप्रिक्स मॉल के जोन हेड एसके त्यागी ने कहा कि डेंजर जोन को देखते हुए अब मॉल में सुरक्षा संबंधित और इंतजाम होंगे।