राशन डीलर ने उपभोक्ता से मारपीट की
लावड़। खरदौनी गांव में राशन डीलर द्वारा उपभोक्ता को राशन नहीं देने का मामला प्रकाश में आया है। डीलर द्वारा पहले राशन कम दिया जा रहा था, उपभोक्ताओं ने इसका विरोध किया तो डीलर और उसके पुत्रों ने मिलकर मारपीट कर दी। रालोद नेता ने इस प्रकरण को पुलिस के उच्च अधिकारियों को ट्वीट किया तो आनन-फानन में पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने राशन डीलर और उनके पुत्रों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में इंचौली थाने में मुकदमा दर्ज किया है।
बताया कि राशन डीलर इकबाल से गांव का शौकत अली राशन लेने के लिए गया था। राशन डीलर 20 किलो गेहूं के स्थान पर 15 किलों दे रहा था। कार्ड धारक शौकत अली ने 15 किलों गेहूं लेने से इनकार कर दिया और इसका विरोध किया। इस पर राशन डीलर और उसके पुत्रों ने मिलकर उससे मारपीट की। इसकी वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया। इस वीडियो को रालोद नेता डॉक्टर आरिफ फैजी ने पुलिस के उच्चाधिकारियों एवं मेरठ पुलिस के अकाउंट पर ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों के निर्देश पर राशन डीलर इकबाल, उसके बेटे रिजवान, फुरकान के खिलाफ इंचौली थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। वहीं, एसओ इंचौली मनोज कुमार ने बताया कि राशन डीलर और उनके बेटों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।