मवाना। लगातार फर्जी बांड की शिकायत पर चल रहे गन्ना विभाग के सर्वे में फर्जीवाड़े का बड़ा खेल सामने आने पर गन्ना माफिया में खलबली है। मवाना जोन की बात करें तो यहां 201 गांव में हुए सर्वे में अब तक 872 बांड फर्जी पाए गए हैं। अभी पन्द्रह दिनों तक चलने वाले सर्वे में फर्जी बांड और मिलने की संभावना है।
पेराई सत्र में गन्ना माफिया फर्जी बांड बनाकर गन्ने की पेराई कर रहे थे। जिस कारण छोटे किसान मिलों में गन्ना डालने से वंचित रह जाते थे। शासन के आदेश पर इस बार फर्जी बांड संचालकों पर लगाम लगाने के लिए सर्वे चल रहा है। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर तक मवाना जोन के 201 गांवों में सर्वे किया गया। जिसमें अभी तक 872 बांड फर्जी पाए गए हैं। जिनमें मृतक, भूमिहीन व डबल बांड मिले हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी फर्जी बांड को बंद कर दिया है। बड़ी संख्या में फर्जी बांड पाये जाने पर अभी पन्द्रह दिन तक और अभियान चलाया जाएगा। जिसमें फर्जी बांड की संख्या बढ़ना तय माना जा रहा है। फर्जी बांड मिलने से गन्ना माफिया में खलबली है। बता दें कि कई किसान फर्जी बांड तैयार कर खादर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती कर रहे हैं।
खतौनी जमा नहीं करने वालों का भी बांड बंद होगा
सहकारी गन्ना विकास समिति के विशेष सचिव प्रदीप शर्मा ने बताया कि शासन के आदेश पर फर्जी बांड पर लगाम लगाने के लिए इस बार गन्ना किसानों से भूमि की खतौनी, आधार कार्ड व घोषणा पत्र मांगा गया है। उन्होंने बताया कि कागज जमा नहीं करने वाले किसानों का इस पेराई सत्र में बांड बंद कर दिया जाएगा। यदि कोई किसान जन सेवा केंद्र से फर्जी खतौनी निकलवाकर जमा करता है और जांच में वह फर्जी पाई जाती है तो ऐसे किसान पर फर्जीवाडे़ का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
शासन के आदेश पर सर्वे किया जा रहा है। अभी तक 872 बांड फर्जी पाए गए हैं। अभी पंद्रह दिन तक सर्वे और होगा। इसमें फर्जी बांड की संख्या बढ़ने की संभावना है। फर्जी पाए गए बांड बंद कर दिए हैं। जिससे छोटे किसान भी समय से मिलों में गन्ने की आपूर्ति कर सकें।-शौबीर सिंह, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मवाना
मुख्य बातें
अभी 15 दिन ओर चलेगा सर्वे, अभी संख्या में और इजाफा होने की संभावना