मवाना। सीएचसी परिसर स्थित आवास में रहने वाली नर्स के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात तथा नगदी चोरी कर ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। थाना प्रभारी ब्रजेश कुशवाहा का कहना है कि जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
मवाना सीएचसी में काजल पत्नी विनोद बतौर स्टाफ नर्स तैनात है। वह परिवार के साथ सीएचसी परिसर में बने क्वार्टर में रहती है। बीती 17 अप्रैल को वह परिजनों के साथ किसी कार्य से मेरठ गई थी। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बृहस्पतिवार शाम को फोन करके जानकारी दी कि उनके आवास का ताला टूटा पड़ा है। इस पर वह आनन-फानन में आवास पर पहुंची। उसने पाया कि आवास का दरवाजा खुला है। उसने बेडरूम में जाकर देखा तो अलमारी का सभी सामान बिखरा था। वहां से सोने के कंगन, माथे का टीका, सोने की अंगूठी, दो सोने की चेन, चांदी की तगड़ी, पायल तथा नकदी गायब थी। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।