मेरठ। लालकुर्ती क्षेत्र में एक सराफ से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गोपाल एंकलेव बेगमबाग में निमित जैन पुत्र पंकज कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वह सराफ हैं। 15 जनवरी की रात कार सवार कुछ लोग उनके घर पहुंचे और हंगामा कर दिया। दरवाजे पर पत्थर मारे गए। इस घटना से निमित का परिवार दहशत में आ गया। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। अगले दिन सुबह निमित ने लालकुर्ती थाने आकर तहरीर दी। निमित ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके घर हंगामा करने वालों में दौराला निवासी अंकित अहलावत, रोहित यादव, प्रेम सिंह, सोनू और कुलदीप शामिल थे। यह सभी 15 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शुरुआती तफ्तीश के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि सराफ की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। हालांकि पूरे घटनाक्रम के पीछे की वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।