Mau News: मृतक का शव जैसे ही गांव पहुंचा। चीख-चित्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतक के पिता रोते-रोते बदहवास हो गए। गांव के लोग मौके पर मौजूद थे। हर कोई परिवार को ढांढस बंधा रहा था। वहीं परिजन इकलौटे बेटे की मौत का दुख सहन नहीं कर पा रहे थे।
मऊ के दोहरीघाट ब्लाक के गोंठा गांव के गड़ेरीपुरा मौजा में रविवार की सुबह छह बजे 18 वर्षीय किशोर की सीने में दर्द के बाद अचानक मौत हो गई। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक शिवम घर का एकलौता चिराग था। इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वह कंप्यूटर की पढ़ाई कर रहा था।
विज्ञापन
गांव निवासी शिवम पाल पुत्र राजेन्द्र पाल सुबह छह बजे शौच गया। शौचालय से बाहर आने के बाद उसको सीने में बहुत तेज दर्द होने लगा। शरीर में अकड़न महसूस होते ही वह जमीन पर गिर गया। परिजन अभी कुछ समझ ही नहीं पा रहे थे, तब तक वह अचेत हो गया। परिजन उसे आननफानन लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने शिवम को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक के अनुसार, किशोर की मौत अचानक हृदयगति के थमने से से हुई है। मौत की खबर सुनते ही परिजन बेहाल हो गए। इस बाबत प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. फैजान अहमद ने बताया अचानक मौत एक साइलेंट किलर हार्ट अटैक है। बताया कि अगर किसी को घबराहट व जरा भी सीने में दर्द हो तो वह तुरंत चिकित्सक से सलाह ले, जरा भी लापरवाही न बरतें।
विज्ञापन
मृतक का अंतिम संस्कार दोहरीघाट मुक्तिधाम पर हुआ, जहां चिता को मुखाग्नि मृतक के पिता ने दी। कहा कि एक पुत्र अपने पिता को मुखाग्नि देता है, लेकिन बदनीयती यह है कि अपने पुत्र को मुखाग्नि दे रहे हैं।