बिजली कटौती के चलते नगर क्षेत्र से लेकर पूरे जिले में लोग भीषण गर्मी के साथ-साथ पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। लेकिन नगर क्षेत्र में नगर पालिका का दावा है कि पानी की सुचारु आपूर्ति के आड़े बिजली नहीं आएगी। इस समस्या तथा ईद के त्योहार को लेकर नगर पालिका मऊ द्वारा दिन में तीन बार पानी चलाए जाने के साथ ही 24 नलकूपों पर जनरेटर की व्यवस्था का दावा किया है। ईओ का कहना है कि बिजली कटौती होने पर उन क्षेत्रों में जनरेटर चलाकर पेयजल आपूर्ति की जा रही है। 42 वार्डों में पेयजल व्यवस्था के लिए 39 बड़े नलकूपों की व्यवस्था है।
नगर पालिका ईओ दिनेश कुमार बताते हैं कि करीब साढ़े तीन लाख की आबादी वाले 42 वार्डों के नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर इन दिनों कोई खास परेशानी नहीं है। करीब 220 किमी के दायरे में पाइप लाइन बिछाकर पेयजल आपूर्ति की जाती है। 42 वार्डों में 39 बड़े तथा 71 छोटे नलकूप बनाए गए हैं। ईद के त्योहार तथा गर्मी की समस्या को लेकर सुबह, दोपहर तथा शाम तीनों समय पेयजल आपूर्ति की जा रही है। बताया कि बिजली कटौती की समस्या को देखते हुए नगर पालिका द्वारा निजामुद्दीनपुरा, औरंगाबाद, मार्डन स्कूल के पास, माता पोखरा के पास, पहाड़पुरा, चांदपुरा, स्वदेशी कॉटन मिल के पास सहित 24 जगहों पर लगे नलकूपों पर जनरेटर की व्यवस्था है। जिससे अगर पेयजल आपूर्ति के समय बिजली कटौती हो तो उस समय जनरेटर चलाकर आपूर्ति जारी रखी जा सकें। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में पाइप लाइन या दूसरी वजहों से आपूर्ति अगर प्रभावित होती है तो वहां नगर पालिका के दस टैंकरों से आपूर्ति की जाती हैं।