मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के बरदहपुर गांव के लोगों ने सड़क की बदहाली को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। समरसता विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सपा के प्रदेश महासचिव आजाद नेता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नारेबाजी कर बरदहपुर गांव से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक जाने वाली सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर ग्रामीण लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ओमकार सिंह, अरुण कुमार, आनंद सिंह, सिद्धार्थ सिंह, सौरभ सिंह, राजेश्वर, गुड्डू समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बरदहपुर गांव को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क के करीब 400 मीटर हिस्से की अंडरपास तक मरम्मत कराई गई है, लेकिन इसके आगे दक्षिण दिशा में करीब एक किलोमीटर हिस्से का काम अधूरा छोड़ दिया गया। सड़क की मरम्मत शुरू होने पर ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पूरी सड़क दुरुस्त कराई जाएगी, जिससे आवागमन सुगम हो सकेगा।