अमिला। मुख्य मार्ग पर बीचोबीच धंसी पुलिया की मरम्मत की मांग को लेकर दोहरीघाट ब्लॉक के बशारथपुर के ग्रामीणों ने सोमवार को पुलिया पर खड़े होकर विरोध-प्रदर्शन किया। शिकायत के बाद भी मरम्मत न कराने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन कर रहे श्रीराम यादव, धीरेंद्र यादव, सुदामा यादव, रामप्रताप, शिवबहादुर, राजकुमार, रामप्रभाव, रामवृक्ष, तुफानी, हरी यादव, ब्रह्मदेव यादव, रामसेवक यादव, मेधा यादव ने बताया कि दोहरीघाट पंप कैनाल नहर पर बनी पुलिया सात दिन पहले बीचोबीच धंस गई। हादसे के डर से लोगों ने आवागमन बंद कर दिया है। ऐसे में जहां कुसुम्हा बाजार की दूरी एक किलोमीटर थी, अब दूसरे रास्ते से जाने पर चार किलोमीटर हो गई है।
इस पुलिया से आपडड़िया, रेवली, हरिपरा, निबिहा, सरंगुवा, मेंहदीपार, छपरा, बेला, कुरंगा, पिड़सुई, बनियापार, सुल्तानपुर आदि गांवों के लोग आवागमन करते हैं। प्रतिदिन इसी रास्ते से स्कूली वाहनों से बच्चे स्कूल आते जाते थे लेकिन पुलिया धंसने से स्कूली वाहनों को चार किलोमीटर अधिक दूरी तय कर स्कूल पहुंचा रहे हैं। इससे उन्हें स्कूल और घर पहुंचने में देरी हो रही है। बताया कि दोहरीघाट पंप कैनाल नहर का निर्माण प्रथम पंचवर्षीय योजना में हुआ था। समय के साथ मरम्मत न होने से पुलिया जर्जर हो चुकी है। ईंटें चटक कर गिरती रहती हैं। सरिया भी बाहर झूल रहे हैं।
पुलिया धंसने की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल पुुलिया पर ब्रेकर बनाकर पैदल और बाइक सवारों को आने जाने के लिए खोला जाएगा। चार पहिया वाहनों के गुजरने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। - नवनीत कुशवाहा, अवर अभियंता, सिंचाई विभाग