शनिवार को गाजीपुर तिराहा पर स्कार्पियो से सपा का झंडा का उतारते शहर कोतवाल
मुहम्मदाबाद गोहना। चुनाव आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन चुनाव आचार संहिता के पालन को लेकर हरकत में आ गया है। विगत तीन दिनों से रोड व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स आदि को हटाया जा रहा है। इसके अलावा शुक्रवार की देर रात से लेकर शनिवार तक पूरे क्षेत्र में चार पहिया व दो वाहनों पर लगाये गये पार्टी झंडों को भी उतरवा दिया गया। चुनाव में लगे अधिकारियों ने पूरे दिन क्षेत्र में भ्रमण कर मतदान केन्द्रों और आने जाने वाले रूट का निरीक्षण किया और इसकी खामियों को दूर किए जाने के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। चुनाव तिथियों की घोषणा होने के साथ ही अब जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। आचार संहिता का पालन करने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन भी पूरी तरह से गंभीर हो चला है। इस दौरान बाजार के रोडवेज इलाके और मुख्य बाजार में राजनैतिक दलों के द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रकार के बैनर, पोस्टरों के साथ झंडों को उतरवाया गया।
सर्किल के तीनों थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग कर आने जाने वाले वाहनों की रेंडम जांच की जा रही है। उपजिलाधिकारी आरडी पांडेय ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना विधान सभा क्षेत्र के कुल 356 बूथों पर आने जाने वाले मार्गो और बूथ पर सुविधाओं की जांच करने के लिए कर्मचारियों और सेक्टर प्रभारी लगातार दौड़ा कर रहे है। कहा कि आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जायेगा। उल्लंघन अथवा नियम विरुद्ध तरीका अपनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाई की जायेगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्यवाई की जा रही है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जा रही है। कहा कि गांवों में अराजक तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है और आवश्यकता हुई तो इनके खिलाफ पाबंदी की कार्यवाई भी किया जायेगा।