मऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू होने में नौ दिन शेष हैं। विभाग की ओर से परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए 1200 बेसिक शिक्षकों की डयूटी लगाने की तैयारी चल रही है।
जिले में यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा 22 फरवरी से शुरू होगी। बोर्ड की तरफ से परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 115 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में हाईस्कूल में 43066, इंटरमीडिएट में 41268 सहित 84284 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड ने जनपद को अति संवेदनशील घोषित किया है। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की जाएगी। राजकीय, सहायता प्राप्त तथा वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक ड्यूटी के लिए क्यूआर कोडयुक्त आईडी जारी कर दी गई है। इसके अलावा विभाग की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग से 1200 शिक्षकों को तैनात करने की योजना बनाई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को नकलहविहीन संपन्न कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के लगभग 1200 शिक्षकों की ड़्यूटी लगाई जाएंगी।