थाना क्षेत्र के तडियांव विद्युत सब स्टेशन के पास शनिवार की दोपहर एक कार बेकाबू होकर पलट गई। कार की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी दो बाइक भी जद में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर करीब एक बजे एक कार चालक सवार छह लोगों को लेकर घोसी की तरफ जा रहा था। अभी वह कोपागंज थाना क्षेत्र के तडियांव स्थित विद्युत सब स्टेशन के पास लारपुर मोड़ पर पहुंचा था। इसी बीच आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रांली के चालक ने अचानक गाड़ी को मोड़ दिया, इससे पीछे आ रहे कार चालक ने टक्कर से बचाने को लेकर ब्रेक लगाया। फलस्वरूप कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। कार की जद में आने से सड़क किनारे खड़ी दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।वहीं कार पलटने से चालक सहित सभी सवार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। गनीमत रही हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।